परीक्षा का नाम (Exam Name): UPPSC/UPPCS -2015
विषय (Subject) : सामान्य हिंदी (General Hindi)
माध्यम (Medium): Hindi

नोटः

  • सभी प्रश्न अनिवार्य हैं।
  • प्रत्येक प्रश्न के अंक के अंत में अंकित हैं।
  • पत्र, प्रार्थना-पत्र या किसी अन्य प्रश्न के उत्तर के साथ अपना अथवा अन्य का नाम, पता एवं अनुक्रमांक न लिखें। आवश्यक होने पर क, ख, ग लिख सकते हैं।

1. उद्देश्य प्राप्ति में यह परम आवश्यक है कि आप अपने शारीरिक एवं मानसिक बल को अधिक प्रयोग में लाएँ। पराश्रित बैठने वाले कभी भी सफल नहीं होते हैं। आजकल. के नवयुवक सदा दूसरों का मुँह निहारा करते हैं। या समय और भाग्य को कोसा करते हैं उचित अवसर की खोज व्यक्ति को स्वयं करनी पड़ती है, फिर अपने विवेक, संयम और परिश्रम से दृढ़ संकल्प हो आगे बढ़ें, तो उद्देश्य स्वयं ही अपकी ओर बढ़ेगा । कतिपय लोग तो सदा ही समाज और समय से रुष्ट रहते हैं। वे परिस्थितियों के प्रतिकूल होने की आड़ में अपने प्रमाद को ओढे रहते हैं। छात्रवस्था में व्यावहारिकता का अभाव प्रायः देखा जाता है। ऐसे में अनुभवी व्यक्तियों के अनुभवों का लाभ उठाकर आगे बढ़ने में ही सफलता प्राप्त होती है।

(क) उपर्युक्त गद्यांश का भावार्थ अपने शब्द में लिखिये।
(ख) उद्देश्य प्राप्ति के लिए क्या करना अपेक्षित है ? उपर्युक्त उद्धरण के आधार पर स्पष्ट कीजिए।
(ग) उपर्युक्त गद्यांश की रेखांकित पंक्तियों की व्याख्या कीजिए

2. प्रबुद्ध मानव और अन्य प्राणियों में सबसे बड़ा अंतर है- मानव की वह क्षमता, जिससे उसने भाषा का विकास किया है। भाषा की आवश्यकता इस बात से स्पष्ट होती है कि बिना उसके मानव का कोई भी काम सरलता से संभव नहीं है। इस भाषा को वह अनेक तरह से आवश्यकतानुसार प्रयोग में लाता है। इसलिए जब हम बातचीत के लिए भाषा का प्रयोग करते हैं, तो वह भाषा सामान्य भाषा’ कहलाती है। जब हम उसका प्रयोग कविता, कहानी, नाटक, उपन्यास आदि लिखने के लिए करते हैं, तो उसे साहित्यिक भाषा कहते हैं। जब हम वैज्ञानिक या तकनीकी विषयों बारे में जानने के लिए भाषा को माध्यम बनाते हैं, तब उस भाषा को ‘वैज्ञानिक’ या तकनीकी – भाषा कहते हैं।

(क) उपर्युक्त गद्यांश का उचित शीर्षक लिखिये ।
(ख) सामान्य भाषा, और वैज्ञानिक तकनीकी भाषा का अर्थ स्पष्ट कीजिए ।
(ग) उपर्युक्त गद्यांश का संक्षेपण कीजिए।

3. (क) परिपत्र की परिभाषा देते हुए उसकी विशेषताएँ लिखिए और उसका एक उदाहरण भी दीजिए।
(ख) अधिसूचना का स्वरूप स्पष्ट कीजिए और एक उदाहरण भी प्रस्तुत कीजिए ।

4. निम्नलिखित शब्दों से उपसर्गों एवं प्रत्ययों को अलग कीजिए

अध्यादेश, विख्यात, अभ्यास, अत्युत्तम, सुजन, त्यागी, परीक्षक, सरलता, पत्रकार शिष्य ।

5. निम्नलिखित शब्दों के विलोम लिखिए:

अनंत, आविर्भाव, कीर्ति, नूतन, तरुण, ह्रस्व, पुरस्कार, सम्पन्न, शुष्क, उपेक्षा ।

6. निम्नलिखित वाक्यों को शुद्ध कीजिए:

(i) अच्छे कार्य में अनेको संकट आते हैं।
(ii) समाज के भिखारियों से कृपा करनी चाहिए।
(iii) आपवाली किताब छत में पड़ी है।
(iv) यामा’ महादेवी के काव्यों का संकलन है।
(v) आप दस आदमी के रुकने का प्रबंध करे।

7. निम्नलिखित वाक्यांशों के लिए एक-एक शब्द लिखिए

(i) गुरु के समीप रहने वाला विद्यार्थी
(ii) जिस पर आक्रमण हुआ हो
(iii) जिसमें युद्ध करने की इच्छा हो
(iv) उत्तराधिकार में प्राप्त सम्पत्ति
(v) जिसकी माप तोल हो सके

8. निम्नलिखित मुहावरों और लोकोक्तियों का अर्थ स्पष्ट कीजिए और अपने वाक्यों में प्रयोग कीजिए:

(i) आग उगलना
(ii) उलटी माला फेरना
(iii) नाक रगड़ना
(iv) हवा लगना
(v) एक तो करेला दूजे नीम चढ़ा
(vi) मुँह लगाना
(vii) जैसा देश वैसा भेष
(viii) हजामत बनाना
(ix) जैसे नागनाथ वैसे सांपनाथ
(x) यह मुँह और मसूर की दाल